मुंबई में रफ्तार का कहर: फ्लाईओवर से नीचे गिरी BMW, 3 युवकों की मौत, एक की हालत नाजुक

मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा इतना भयावह था कि तेज रफ्तार BMW कार डिवाइडर से टकराने के बाद फ्लाईओवर की रेलिंग और साइन बोर्ड तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। दुर्घटना के बाद कार कई बार पलटी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

Mumbai: मुंबई कोस्टल रोड पर BMW का कहर, पुल से नीचे गिरी तेज रफ्तार कार, 3  की मौत

डिवाइडर से टकराने के बाद फ्लाईओवर से गिरी कार

जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 5:20 बजे BMW कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई। इसके बाद कार फ्लाईओवर की रेलिंग और साइन बोर्ड को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।

बताया जा रहा है कि फ्लाईओवर से नीचे गिरने के बाद कार करीब 100 फीट दूर जाकर गिरी और कई पलटे खाए। हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए।

चार दोस्तों में तीन की मौत

हादसे के बाद कार में सवार चारों युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे युवक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

मृतकों की पहचान 21 वर्षीय शनाय गज्जर, 17 वर्षीय धैर्य दर्शन सेठ और 19 वर्षीय आदित्य जक्सिनिया के रूप में हुई है। वहीं 23 वर्षीय आदित्य ओसवाल गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।

अहमदाबाद के रहने वाले थे युवक

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी युवक मूल रूप से अहमदाबाद के रहने वाले थे और मुंबई के अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे थे। चारों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। बताया गया है कि रविवार सुबह सभी मरीन ड्राइव से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे के बाद एक राहगीर ने सुबह करीब 5:20 बजे पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

कोस्टल रोड पर तय है स्पीड लिमिट

मुंबई का कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड मार्ग है, जो मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। इस मार्ग पर वाहनों के लिए निर्धारित गति सीमा लागू है। हादसे के बाद तेज रफ्तार में वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना के समय कार की गति कितनी थी और वाहन अनियंत्रित कैसे हुआ।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel