मुफ्त इलाज का झांसा देकर रायपुर बुलाया
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली है। गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे मुफ्त प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाया और रायपुर बुला लिया।
रायपुर पहुंचने के बाद कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने उसकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने के बदले मोटी रकम दिलाने का लालच दिया।

बच्चे को बेचने से इनकार किया तो बनाया बंधक
पीड़िता ने जब अपने बच्चे को बेचने से साफ इनकार कर दिया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला को उसके नवजात शिशु के साथ दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया।
आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि प्रसव और इलाज में जो खर्च हुआ है, उसकी भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की सहमति के बिना नवजात को बेचने का प्रयास किया जा रहा था।
आजाद चौक थाने में FIR, तीनों महिलाएं गिरफ्तार
पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की तत्काल पतासाजी और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद आजाद चौक थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त का भी संदेह
इस मामले में सबसे चिंताजनक पहलू पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी अपनी संलिप्तता से जुड़ी जानकारी दी है।
इसके बाद पुलिस अब इस पूरे मामले के नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया गया है या नहीं और नवजात बच्चों को किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस का कहना है कि विवेचना में जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार महिला आरोपियों के नाम
-
कृतिका साहू (34 वर्ष) – निवासी आमापारा रामकुंड, थाना आजाद चौक, रायपुर।
-
अहिल्या नामदेव (40 वर्ष) – निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी, रायपुर।
-
गीतिका नाग (36 वर्ष) – निवासी स्टोर पारा पुरैना, भिलाई-3, जिला दुर्ग।
फिलहाल तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस इस पूरे मामले को नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े संभावित बड़े नेटवर्क के रूप में देखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





