रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और तिरंगा फहराएंगे। समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए आज पुलिस परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जा रही है।
इस बार स्वतंत्रता दिवस की परेड में कुल 17 टोलियां शामिल होंगी। इनमें BSF, CRPF, ITBP, CISF और SSB की टुकड़ियां शामिल हैं। खास बात यह है कि इस बार बिहार पुलिस की टोली भी परेड में हिस्सा लेगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ पुलिस की पुरुष और महिला टुकड़ियों के साथ जेल पुलिस, नगर सेना और NCC की टुकड़ियां भी कदमताल करती नजर आएंगी।
घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड बढ़ाएंगे समारोह की शोभा
स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल और डॉग स्क्वायड विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। डॉग स्क्वायड की टीम अपने विशेष कौशल का प्रदर्शन करेगी, जबकि घुड़सवार दल की प्रस्तुति समारोह में मौजूद लोगों का ध्यान खींचेगी।
IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे परेड की कमान
15 अगस्त को होने वाली परेड की कमान IPS विमल कुमार पाठक संभालेंगे। वहीं निशांत कुमार कुर्रे परेड कमांडर-2IC की जिम्मेदारी निभाएंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सभी टुकड़ियां निर्धारित कार्यक्रम और परेड के क्रम का अभ्यास कर रही हैं।
समारोह को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। समारोह स्थल पर सुरक्षा से लेकर यातायात व्यवस्था तक सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य है कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राजधानी में भव्य, सुरक्षित और अनुशासित तरीके से संपन्न हो।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




