
छत्तीसगढ़ में इस वर्ष होली पर शराब के शौकीनों के लिए बड़ी राहत की खबर है। छत्तीसगढ़ सरकार की नई आबकारी नीति के तहत अब होली के दिन शराब की दुकानें बंद नहीं रहेंगी। यानी होली के त्योहार पर लोग सीधे दुकानों से शराब खरीद सकेंगे। सरकार ने नई नीति में पहले निर्धारित 7 ड्राई डे में से 3 दिनों को समाप्त कर दिया है, जिनमें होली, मुहर्रम और महात्मा गांधी निर्वाण दिवस (30 जनवरी) शामिल हैं। इन दिनों पर अब राज्य में शराब बिक्री पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
नई आबकारी नीति 2026-27 के अनुसार अब राज्य में केवल 4 दिन ही ड्राई डे घोषित किए गए हैं। इनमें 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) और गुरु घासी दास जयंती (18 दिसंबर) शामिल हैं। इन निर्धारित दिनों पर राज्यभर में शराब बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, जबकि अन्य दिनों में बिक्री सामान्य रूप से जारी रहेगी।
इससे पहले छत्तीसगढ़ में होली के दिन शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाती थीं। होली से पहले पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाता था। त्योहार के लिए पहले से शराब खरीदकर ले जाने वालों से पूछताछ, जब्ती या कार्रवाई की स्थिति बन जाती थी। नई नीति लागू होने के बाद इस तरह की सख्ती की संभावना कम हो जाएगी। सरकार का मानना है कि बिक्री की अनुमति मिलने से अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर भी नियंत्रण लगेगा और राजस्व में वृद्धि होगी।

30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकानें खुली रहने के फैसले को लेकर पहले राजनीतिक विवाद भी सामने आ चुका है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने राज्य के अलग-अलग शहरों में शराब दुकानों के सामने प्रदर्शन कर सरकार के फैसले का विरोध जताया था। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बापू के सिद्धांतों और आदर्शों के विपरीत उनकी पुण्यतिथि जैसे पावन दिन पर शराब बिक्री की अनुमति देना जनभावनाओं के खिलाफ है और यह महात्मा गांधी के विचारों का अपमान है। उन्होंने नियमों में बदलाव की मांग भी की थी।
सरकार का तर्क है कि नई आबकारी नीति व्यावहारिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है, जिससे अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगेगा और त्योहारों के दौरान अनावश्यक प्रतिबंधों से भी राहत मिलेगी। होली जैसे बड़े त्योहार पर शराब बिक्री की अनुमति इसी नीति का हिस्सा मानी जा रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





