रायपुर। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल में भारत ने ईरान को हराकर खिताब जीता। भारतीय टीम की इस स्वर्णिम सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी भी टीम का हिस्सा रहीं।

भारत की इस उपलब्धि के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है।
CM साय ने की संजू देवी से आत्मीय बातचीत
मुख्यमंत्री ने संजू देवी से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल के दम पर न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की सफलता में छत्तीसगढ़ की बेटी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू देवी की सफलता प्रदेश की उन बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं।
शुरुआती मुकाबले में भी संजू देवी का शानदार प्रदर्शन
एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम के अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ हुई थी। भारत ने यह मुकाबला 42-21 से जीता था। इस मैच में संजू देवी ने भारतीय आक्रमण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और कई सफल रेड के जरिए टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया।
इसके बाद भारत ने ग्रुप चरण में ईरान और जापान के खिलाफ भी जीत दर्ज की। सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल को 48-24 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
कोरबा की बेटी का राष्ट्रीय टीम तक सफर
संजू देवी छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से आती हैं और भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं। एशियन गेम्स 2026 के लिए घोषित भारतीय महिला टीम में उनका नाम शामिल था। इससे पहले वह 2025 महिला कबड्डी विश्व कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रही थीं।
एशियन गेम्स में उनके प्रदर्शन ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है।
CM बोले- खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के गांवों, आदिवासी क्षेत्रों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
भारतीय महिला टीम को मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखेंगे।
एशियन गेम्स 2026 में महिला कबड्डी का फाइनल 26 सितंबर को हुआ, जिसमें भारत ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





