राजधानी में चोरों का बड़ा आतंक! Apple शोरूम का शटर तोड़कर 174 iPhone पार, 2 करोड़ से ज्यादा की चोरी से मचा हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चोरों ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शातिर चोरों ने मुख्य सड़क पर स्थित अधिकृत Apple डीलर के शोरूम का शटर तोड़कर 174 आईफोन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पार कर दिए। चोरी गए सामान की कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शोरूम में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान करना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाए।

घटना SRP चौक और मरीन ड्राइव के बीच मेन रोड पर स्थित E Next शोरूम की है। वारदात की जानकारी सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

रात 2 से 3 बजे के बीच शोरूम में घुसे चोर

जानकारी के मुताबिक, शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब 9:30 बजे शोरूम संचालक ऋषभ डागा को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तेलीबांधा थाना पुलिस को सूचना दी।

मौके पर डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने शोरूम और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी 174 आईफोन के अलावा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी ले गए हैं। बताया जा रहा है कि चोर मोबाइल के डिब्बे खोलकर केवल फोन अपने साथ ले गए।

लोहे की रॉड से उखाड़ा शटर, सेंट्रल लॉक नहीं होने का उठाया फायदा

पुलिस की शुरुआती जांच में चोरी का तरीका भी सामने आया है। आरोपियों ने शोरूम के शटर में सेंट्रल लॉक नहीं होने का फायदा उठाया। उन्होंने शटर के निचले हिस्से में लोहे की रॉड फंसाई और उसे ऊपर उठाकर अंदर प्रवेश करने का रास्ता बना लिया।

वारदात को बेहद कम समय में अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और आरोपी किस रास्ते से आए तथा किस दिशा में भागे।

मोतिहारी गैंग पर पुलिस को शक, कई जिलों में अलर्ट

इस बड़ी चोरी के पीछे पेशेवर मोतिहारी गैंग का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह गिरोह बड़े शहरों में मोबाइल शोरूम और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य शटर तोड़कर महंगे मोबाइल चोरी करते हैं और वारदात के बाद अलग-अलग रास्तों से शहर छोड़ देते हैं।

पुलिस इस संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए दूसरे जिलों की पुलिस को भी अलर्ट कर चुकी है। बिलासपुर, महासमुंद, धमतरी, पिथौरा, दुर्ग, जगदलपुर और राजनांदगांव में सूचना भेजी गई है।

इसके अलावा घटना वाली रात रायपुर से रवाना हुई ट्रेनों और शहर से बाहर जाने वाले चारपहिया वाहनों की आवाजाही की भी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी वारदात के तुरंत बाद दूसरे शहर की ओर निकल गए होंगे।

CCTV का DVR भी ले गए चोर, पुलिस के सामने चुनौती

इस वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी सिर्फ मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान ही नहीं ले गए, बल्कि शोरूम में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए।

इससे आरोपियों की पहचान करने में पुलिस को परेशानी हो सकती है। हालांकि, पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों, सड़कों और अन्य स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

EOW कार्यालय और CM हाउस के नजदीक करोड़ों की चोरी

जिस इलाके में यह वारदात हुई है, वह राजधानी का महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। शोरूम के पास ही आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) का कार्यालय स्थित है। दुकान के पीछे सिंचाई विभाग का कार्यालय और स्टेट गेस्ट हाउस ‘पहुना’ की चारदीवारी है। मुख्यमंत्री निवास भी आसपास के क्षेत्र में स्थित है।

ऐसे महत्वपूर्ण इलाके में शटर तोड़कर करोड़ों रुपये के मोबाइल चोरी हो जाना शहर की रात्रिकालीन सुरक्षा और पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं

फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस चोरी गए मोबाइलों की संख्या और वास्तविक कीमत का आकलन करने के साथ आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर राजधानी के इतने महत्वपूर्ण इलाके में चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हो गए? क्या इसके पीछे वाकई कोई पेशेवर गिरोह है या आरोपियों ने पहले से शोरूम की रेकी कर रखी थी? पुलिस की जांच में इन सवालों के जवाब सामने आने का इंतजार है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...