कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर जवानों का बढ़ाया हौसला, राज्योत्सव में विद्यार्थियों और श्रमिकों का हुआ सम्मान

बीजापुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बीजापुर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नक्सल प्रभावित बस्तर में बदलते हालात, विकास कार्यों और सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। जिन इलाकों में कभी भय और हिंसा का माहौल रहता था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।

मंत्री ने कहा कि बस्तर की पहचान अब गोलियों की गूंज से नहीं, बल्कि विकास, खुशहाली और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से होनी चाहिए। इसके लिए सरकार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ-साथ दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर जवानों से मिले मंत्री

बीजापुर प्रवास के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर स्थित एफओबी ताड़पाला पहुंचे। यहां उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और दुर्गम परिस्थितियों में तैनात रहकर देश की सुरक्षा तथा क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मंत्री ने कहा कि कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर तिरंगा फहराना जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। सुरक्षा बलों के प्रयासों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से क्षेत्र में शांति और विकास की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना नहीं, बल्कि दूरस्थ गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी सुविधाएं पहुंचाना भी है।

विकास कार्यों में जुटे श्रमिकों का किया सम्मान

कर्रेगुट्टा क्षेत्र में निर्माण और विकास कार्यों में योगदान देने वाले श्रमिकों को भी मंत्री ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विकसित बस्तर के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। दुर्गम इलाकों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और अधोसंरचना का निर्माण उनके परिश्रम और समर्पण से ही संभव हो पा रहा है।

इस अवसर पर मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से विकास के साथ प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की अपील की।

राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का किया उल्लेख

बीजापुर जिला मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, तकनीकी शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

मंत्री ने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें बेहतर शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की। सरकार कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा और उद्योग आधारित प्रशिक्षण से जुड़कर अपने हुनर को निखारने का आह्वान किया।

प्रतिभावान विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों का बढ़ाया उत्साह

राज्योत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि शिक्षा और कौशल ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में रहने वाले बच्चों को भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।

कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकगीत और पारंपरिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मंत्री ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर की जनजातीय संस्कृति और लोकपरंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

हर गांव तक विकास पहुंचाना सरकार का लक्ष्य

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि विकसित बस्तर का सपना तभी पूरा होगा, जब हर गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा, प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के प्रयासों से बन रहे शांति के वातावरण को विकास, विश्वास और जनभागीदारी के जरिए स्थायी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...