कांकेर में बिजली विभाग का अजीबोगरीब दिवाली गिफ्ट! मिठाई की जगह कर्मचारियों को बांटी गई शराब की बोतलें, पुलिस ने किया जब्त

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में बिजली विभाग के सरकारी कार्यालय में दिवाली उपहार को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि धनतेरस के दिन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मिठाई के डिब्बों की जगह शराब की बोतलें बांटी गईं। सरकारी दफ्तर में शराब की बोतलें रखे जाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया। कांग्रेस नेताओं ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शराब की बोतलों को जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी है।

कांकेर की जनता बिजली विभाग की बदहाल व्यवस्था से त्रस्त है और विभाग के  अधिकारी एवं कर्मचारी शराब की बोतलों में मस्त हैं।, सरकारी दफ्तर में जनता की  समस्याएँ सुलझाई जा रही हैं या शराब परोसी जा रही ...

 

दिवाली गिफ्ट के नाम पर शराब बांटने का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर ग्रामीण के अध्यक्ष ब्लोमेंद्र यादव को सूचना मिली थी कि बिजली विभाग के कार्यालय में दीपावली उपहार के नाम पर शराब की बोतलें बांटी जा रही हैं। सूचना मिलने के बाद वे विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे और वहां का वीडियो बनाया।

कांग्रेस का आरोप है कि कार्यालय में एक जैसे पैकेट में शराब की बोतलें रखी गई थीं। कई कर्मचारियों की टेबल के ऊपर और नीचे भी शराब की बोतलें दिखाई दीं। बताया गया कि यह घटनाक्रम कार्यालयीन समय के दौरान हुआ, जब दफ्तर में महिला कर्मचारी भी मौजूद थीं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराब की बोतलें कीं जब्त

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंची। वहां रखी शराब की बोतलों को पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कार्यपालन अभियंता (EE) एस.के. किंडो को पूछताछ के लिए कोतवाली थाना ले जाया गया।

घटना की जानकारी फैलते ही बिजली विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। सरकारी कार्यालय में शराब मिलने की घटना को लेकर इलाके में चर्चा शुरू हो गई।

कार्यपालन अभियंता ने आरोपों से किया इनकार

दूसरी ओर, कार्यपालन अभियंता एस.के. किंडो ने कार्यालय में शराब की बोतलें रखे जाने की जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि शराब की बोतलें कहां से आईं और किसने रखीं, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया है।

अधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पुलिस उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई और इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने पुलिस के इस रवैये को अशोभनीय बताया।

जांच के बाद खुलेगा शराब की बोतलों का राज

सरकारी कार्यालय में शराब की बोतलें मिलने और उन्हें दिवाली उपहार के रूप में बांटे जाने के आरोपों ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पुलिस ने शराब की बोतलें जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि शराब की बोतलें कार्यालय तक कैसे पहुंचीं, इन्हें किसने रखा था और क्या वास्तव में कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के रूप में बांटने की तैयारी थी। फिलहाल इस मामले में सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...