रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में विवाद गहराता जा रहा है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आज अपनी गिरफ्तारी देने रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। थाने में पुलिस उनसे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।
यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो से जुड़ा है। आरोप है कि अमित जोगी ने एक वीडियो तैयार कर उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को दर्शाया था। वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया और भाजपा नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई।

राजेश मूणत की शिकायत पर दर्ज हुई थी FIR
इस मामले में भाजपा नेता राजेश मूणत ने रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी। उन्होंने वीडियो को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रति अनुचित बताया था।
FIR दर्ज कराने के बाद मीडिया से बातचीत में मूणत ने कहा था कि वीडियो में जिस तरह प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त को दर्शाया गया है, वह निंदनीय है। उन्होंने कहा था कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होनी चाहिए, लेकिन अपनी बात रखने का भी एक तरीका होता है। इस तरह के वीडियो बनाना उचित नहीं है।
थाने में अमित जोगी से पूछताछ जारी
FIR दर्ज होने के बाद अब अमित जोगी सिविल लाइन थाने पहुंचे हैं। उन्होंने मामले में गिरफ्तारी देने की पेशकश की है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





