जांजगीर। त्योहारों और शादी के सीजन में रेलवे टिकटों की बढ़ती मांग के बीच टिकटों की अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट चांपा और सीआईबी बिलासपुर की टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए रेलवे के एक बुकिंग क्लर्क समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 25 आरक्षित टिकट जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत 1 लाख 16 हजार 128 रुपये बताई गई है। शुरुआती जांच में रेलवे के एक कुली और सरकारी शिक्षक की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि कंफर्म और तत्काल टिकटों की व्यवस्था कर यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक रकम वसूली जा रही थी।

बाराद्वार आरक्षण केंद्र से बुकिंग क्लर्क गिरफ्तार
पहली कार्रवाई में RPF ने बाराद्वार रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में पदस्थ बुकिंग क्लर्क उत्कर्ष पासी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें व्हाट्सऐप चैट के माध्यम से 14 आरक्षित टिकटों की प्रतियां मिलने की जानकारी सामने आई।
जांच में बिलासपुर स्टेशन पर कार्यरत कुली धनीराम यादव का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि बुकिंग क्लर्क काउंटर की सुविधा का इस्तेमाल कर तत्काल और कंफर्म टिकट बुक करता था। इसके बाद कुली के माध्यम से ये टिकट यात्रियों तक पहुंचाए जाते थे और उनसे निर्धारित कीमत से ज्यादा पैसे लिए जाते थे।
आधार अपडेट के बहाने फोन लेकर ई-टिकट बेचने का आरोप
दूसरी कार्रवाई में RPF ने 16 नवंबर को ग्राम सेमरिया निवासी कृष्ण कुमार कश्यप को गिरफ्तार किया। आरोपी सिलादेही भांठापारा का रहने वाला सरकारी शिक्षक बताया गया है।
आरोप है कि उसने आधार अपडेट कराने के बहाने देवीलाल नाम के व्यक्ति से मोबाइल फोन लिया और उसके जरिए अपनी व्यक्तिगत IRCTC यूजर आईडी बनाकर ई-टिकटों की अवैध बिक्री शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान उसके पास से 12,528 रुपये कीमत के 10 ई-टिकट बरामद किए गए।
टिकटों की बुकिंग और नेटवर्क की जांच जारी
RPF की दोनों कार्रवाइयों में कुल 25 टिकट जब्त किए गए हैं। इनकी कुल कीमत 1,16,128 रुपये बताई गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि टिकट किस तरह बुक किए जा रहे थे, उन्हें यात्रियों तक कैसे पहुंचाया जाता था और निर्धारित किराए से कितनी अतिरिक्त रकम वसूली जाती थी।
शुरुआती जांच में सामने आए अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। रेलवे टिकटों की अवैध बिक्री के इस मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ और लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





