करोड़ों की ठगी के आरोपी दीपक टंडन का कोर्ट में दिखा अलग अंदाज, मीडिया को हंसते हुए किया थम्ब्स-अप; 19 नवंबर तक पुलिस रिमांड

रायपुर। छत्तीसगढ़ में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के कई मामलों में आरोपी होटल कारोबारी अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन की न्यायालय में पेशी के दौरान उसका अलग अंदाज देखने को मिला। पुलिस की सुरक्षा के बीच कोर्ट पहुंचे दीपक टंडन ने मीडिया की ओर देखकर मुस्कुराते हुए थम्ब्स-अप किया। आरोपी की इस हरकत ने कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। वहीं न्यायालय ने उसे 19 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।

पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से अलग-अलग धोखाधड़ी के मामलों, करोड़ों रुपये के कथित लेन-देन और इस पूरे मामले में शामिल अन्य संभावित लोगों को लेकर पूछताछ करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में ठगी से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

करोड़ों की ठगी का आरोपी दीपक टंडन कोर्ट में पेश, तीन दिन का मिला रिमांड –  अमृत संदेश

1.27 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के आरोप

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर करीब 1 करोड़ 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। इसके अलावा उस पर ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप भी लगे हैं। शिकायतों में नेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों को कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाने की बात भी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर के तेलीबांधा थाने में दीपक टंडन और उसकी पत्नी के खिलाफ पांच एफआईआर दर्ज हैं। इसके अलावा कोरबा, सक्ती और बिलासपुर में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

SECL में ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख की ठगी

दीपक टंडन के खिलाफ हाल ही में आठवीं एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई है। इस मामले में आरोप है कि उसने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) में ठेका दिलाने का झांसा देकर दो लोगों से 56 लाख रुपये लिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी उन्हें ठेका नहीं दिलाया गया और उनके साथ धोखाधड़ी की गई।

इसी मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

19 नवंबर तक पुलिस रिमांड, लेन-देन की होगी जांच

न्यायालय से 19 नवंबर तक पुलिस रिमांड मिलने के बाद अब जांच का दायरा बढ़ने की संभावना है। पुलिस आरोपी से अलग-अलग शिकायतों में ली गई रकम, पैसों के लेन-देन, कथित ब्लैकमेलिंग और अन्य लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास करेंगी कि अलग-अलग जिलों में सामने आए मामलों के बीच कोई संबंध है या नहीं। फिलहाल पुलिस की पूछताछ और जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

 

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...