देशभर में सड़क हादसों का कहर: एक ही रात में 6 राज्यों में भीषण दुर्घटनाएं, 27 लोगों की मौत, कई परिवार उजड़े

नई दिल्ली। देश के अलग-अलग राज्यों में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात सड़क हादसों ने भारी तबाही मचाई। राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश में हुए कई भीषण सड़क हादसों में शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। कहीं धार्मिक यात्रा से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया, तो कहीं शादी समारोह से घर लौट रहे लोगों की खुशियां मातम में बदल गईं। इन दुर्घटनाओं में महिलाओं और मासूम बच्चों की भी जान गई है।

कोटा में नेशनल हाईवे पर डेढ़ घंटे में तीन दुर्घटनाएं, 12 की मौत, 11 घायल,  वजह रोड साइड खड़े वाहन

राजस्थान: खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे 9 श्रद्धालुओं की मौत

राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। नाता पुलिस थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, परिवार खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद धार की ओर लौट रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी आने से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। कोटा सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना।

जोधपुर: कार और ट्रैवल टेम्पो की भिड़ंत, 3 की मौत

राजस्थान के जोधपुर में भी कार और ट्रैवल टेम्पो के बीच जोरदार टक्कर हुई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे और गुजरात से रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल अधीक्षक के अनुसार, मृतक और घायल सभी एक ही परिवार से संबंधित हैं।

गुजरात: ट्रेलर से टकराई कार, आर्मी परिवार के 7 लोगों की मौत

गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। खावड़ा के पास वेकारिया के रेगिस्तानी इलाके में हुए इस हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड का एक परिवार कच्छ घूमने आया था। इसी दौरान उनकी कार ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।

हरियाणा: करनाल में दो गाड़ियों की भिड़ंत, 2 की मौत

हरियाणा के करनाल में रविवार को मॉडल टाउन के नजदीक ज्वेल्स रोड पर दो गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन से चार लोग घायल बताए जा रहे हैं।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

बिहार: शादी से लौट रही स्कॉर्पियो को हाइवा ने मारी टक्कर, 4 की मौत

बिहार के अथमलगोला थाना क्षेत्र में सवनीमा पेट्रोल पंप के पास रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

स्कॉर्पियो में कुल सात लोग सवार थे। टक्कर के बाद वाहन में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया।

उत्तर प्रदेश: दिल्ली से वाराणसी जा रही डबल डेकर बस ट्रक से टकराई, 2 की मौत

उत्तर प्रदेश में नेशनल हाईवे-2 पर दिल्ली से वाराणसी जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से यात्रियों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे गंभीर सवाल

देश के अलग-अलग राज्यों में हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी में कहीं चालक को झपकी आना, कहीं तेज रफ्तार और कहीं वाहनों की आमने-सामने की टक्कर दुर्घटनाओं की वजह बताई गई है।

धार्मिक यात्रा, पर्यटन और शादी समारोह से लौट रहे परिवारों के लिए यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। इन हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों में मातम पसरा है, जबकि अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...