बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर में पीछे से घुसी ईको कार, युवती की मौत, 10 घायल; दो की हालत गंभीर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बेलतरा के पास तेज रफ्तार ईको कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रायपुर से घूमने निकले थे 10 दोस्त

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार को ईको वाहन से घूमने निकले थे। सभी पहले रतनपुर पहुंचे और वहां घूमने के बाद चैतुरगढ़ जाने के लिए रवाना हुए थे।

रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बेलतरा से आगे बेलपारा के पास यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि ईको वाहन चला रहे युवक को अचानक झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

ट्रेलर में फंसकर दूर तक घिसटती रही कार

हादसे के बाद ईको कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक को टक्कर की जानकारी नहीं हुई और वह वाहन लेकर आगे बढ़ता रहा। इस दौरान कार काफी दूर तक सड़क पर घिसटती रही। पीछे से आ रहे अन्य लोगों ने ट्रेलर चालक को दुर्घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसने वाहन रोका।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

युवती की मौत, दो गंभीर घायलों को सिम्स रेफर

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को रतनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

हादसे में काजल साहू नाम की युवती की मौत हो गई। रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

झपकी बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार में वाहन चलाते समय नींद या थकान कितनी खतरनाक साबित हो सकती है, यह हादसा एक बार फिर इसकी गंभीर चेतावनी देता है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...