सक्ती में भीषण सड़क हादसा: रामनाम सप्ताह में भजन गाने जा रहे तीन ग्रामीणों को बस ने कुचला, मौके पर मौत

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन ग्रामीणों की जान चली गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और रामनाम सप्ताह में भजन गाने के लिए सपोस जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

सक्ती में भीषण सड़क हादसा: एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों को बस ने रौंदा, रामनाम  सप्ताह का कार्यक्रम रह गया अधूरा - Media24 News

भजन गाने जा रहे थे तीनों ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुआ। ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) रविवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे। तीनों को धार्मिक आयोजन में भजन गायन की प्रस्तुति देनी थी।

इसी दौरान रायपुर से डभरा की ओर जा रही मुस्कान यात्री बस ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बस चालक हादसे के बाद फरार

घटना की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल के मुताबिक, दुर्घटना के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

गांव में पसरा मातम

एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से ग्राम दर्री में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस धार्मिक आयोजन में तीनों भजन गाने जा रहे थे, वहां पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया। हादसे ने तीनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...