मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ छत्तीसगढ़ में बनेगा जनआंदोलन, CM साय ने समाज से की एकजुट होने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अब व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाज के सभी वर्गों से इन बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर जनआंदोलन खड़ा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन इन समस्याओं को केवल सरकारी प्रयासों से समाप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जनआंदोलन जरूरी | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  ने समाज से की एकजुट होने की अपील | Offbeat Chhattisgarh

मुख्यमंत्री रविवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर फंसाते हैं तस्कर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से जुड़े बेहद संवेदनशील मुद्दे हैं। इनकी रोकथाम के लिए पुलिस, न्यायपालिका, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या काफी गंभीर थी। हालांकि सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है।

उन्होंने चिंता जताई कि कई बार परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को मानव तस्करी के जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवारों और समाज को जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के 30-35 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सांसद रहते हुए दिल्ली में भी मानव तस्करी के कई मामले सामने आए थे। ऐसे मामलों में पहल कर बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया गया।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में 42 सखी सेंटर

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सहायता और सुरक्षा के लिए 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं।

इसके अलावा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के माध्यम से महिलाओं को 24 घंटे मदद दी जा रही है। महिला थानों की संख्या बढ़ाने के साथ पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।

छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से भी महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने की सुविधा का लाभ उठा सकती हैं।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्राथमिकता है। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं।

योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार की शुरुआत में भी कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यशाला के सुझावों को धरातल पर उतारने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।

उन्होंने राज्य महिला आयोग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्यशाला में विशेषज्ञों और प्रतिभागियों की ओर से दिए गए सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मददगार साबित होंगे। कार्यशाला की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब यहां मिले सुझावों को जमीन पर उतारा जाएगा और महिलाओं एवं बेटियों के लिए सुरक्षित तथा सम्मानजनक वातावरण तैयार होगा।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी और दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel

यह भी देखें...