रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री का मामला: एक और आरोपी गिरफ्तार, खरीदी गई बच्ची को पुलिस ने सुरक्षित किया

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। आजाद चौक थाना पुलिस ने इस अवैध गतिविधि में संलिप्त एक अन्य आरोपी जितेन्द्र खेतान (36) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में इससे पहले छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार महिला आरोपी कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के डीसीपी पश्चिम क्षेत्र द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/2026 के तहत धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस इस मामले की लगातार जांच कर रही है।

पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम

प्रकरण की विवेचना और पहले गिरफ्तार की गई कृतिका साहू सहित अन्य महिला आरोपियों से विस्तृत पूछताछ के दौरान पुलिस को जितेन्द्र खेतान के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पूछताछ में पता चला कि कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था। इसके बाद पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बच्ची के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद जितेन्द्र खेतान से नवजात बच्ची के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत कर विधिवत दस्तयाब किया। बच्ची की सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उसे मातृछाया में रखा गया है।

अन्य नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री के भी मिले संकेत

पुलिस की विस्तृत पूछताछ और विवेचना में आरोपी जितेन्द्र खेतान द्वारा अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री किए जाने से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि इस अवैध गतिविधि को आरोपी गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से अंजाम दिया जा रहा था।

फिलहाल पुलिस अन्य बच्चों की खरीद-बिक्री, आरोपियों के आपसी संपर्क और इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का प्रयास है कि इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा कर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जाए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

  • नाम: जितेन्द्र खेतान

  • पिता: सज्जन खेतान

  • उम्र: 36 वर्ष

  • निवासी: आशियाना अपार्टमेंट, थाना कबीर नगर, रायपुर।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...