जनदर्शन में CM विष्णुदेव साय ने खोला मदद का हाथ, 83 साल के बुजुर्ग को मिला श्रवण यंत्र, बच्चों के इलाज का उठाया जिम्मा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे जरूरतमंद लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान किसी बुजुर्ग को सुनने की मशीन और चश्मा उपलब्ध कराया गया, तो किसी मासूम बच्चे के ऑपरेशन और बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं, पिता को खोने के बाद आर्थिक संकट से जूझ रही छात्रा को पढ़ाई जारी रखने के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया गया। मुख्यमंत्री ने खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रही बेटियों को भी प्रोत्साहित किया।

83 साल के बुजुर्ग को 30 साल बाद सुनाई देने लगी साफ आवाज

जनदर्शन में कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने बेटे सोमनाथ के साथ पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि पिछले करीब 30 वर्षों से उन्हें सुनने में परेशानी हो रही है। इसके कारण सामान्य बातचीत और रोजमर्रा के कामों में काफी दिक्कत होती थी।

बुजुर्ग की परेशानी सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर दोनों सुविधाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं। श्रवण यंत्र लगाते ही परसराम राठौर को आवाजें स्पष्ट सुनाई देने लगीं। लंबे समय बाद मिली इस राहत पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

भाटापारा के बलवंत सिंह यादव को भी मिलेगी सहायता

भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी बलवंत सिंह यादव ने भी श्रवण संबंधी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि दाएं कान से कम सुनाई देता है, जबकि बाएं कान में भी परेशानी है। उन्होंने श्रवण यंत्र और श्रवण दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या पर भी आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

6 साल के छयांश के पैरों का होगा ऑपरेशन

रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपने छह वर्षीय बेटे छयांश और बुजुर्ग मां हिरकना बाई के साथ जनदर्शन में पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। बड़े बेटे का ऑपरेशन हो चुका है और उसकी स्थिति में सुधार आया है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं करा पा रहे हैं।

अमित ने यह भी बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारी बुजुर्ग मां और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति जानने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छयांश के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

3 साल के पार्थ की आंखों के इलाज की होगी व्यवस्था

राजनांदगांव से पहुंचीं पूर्णिमा साहू ने अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ के इलाज के लिए मुख्यमंत्री से मदद मांगी। उन्होंने बताया कि पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था और जन्म के बाद करीब दो महीने तक उसे अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था।

बच्चे की शारीरिक स्थिति कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और डॉक्टरों ने मोतियाबिंद की समस्या बताई है। आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के इलाज पर लाखों रुपये खर्च होने की बात कही गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराना मुश्किल हो रहा है। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पिता की मौत के बाद आर्थिक संकट में फरहीन, पढ़ाई के लिए CM ने दिया भरोसा

जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची बीकॉम की छात्रा फरहीन ने परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में मुख्यमंत्री को बताया। उसने बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई और वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन हो गया।

पिता के इलाज में आर्थिक संसाधन खत्म होने के बाद परिवार पर कर्ज का बोझ बढ़ गया और घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई। फरहीन की परेशानी सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही बिना चिंता किए अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

मार्शल आर्ट खिलाड़ी बहनों सना और सानिया को किया प्रोत्साहित

जनदर्शन में नवा रायपुर की मार्शल आर्ट खिलाड़ी बहनें सना और सानिया भी मुख्यमंत्री से मिलीं। दोनों ने अपनी खेल उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि वे गोल्डन कप, खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने दोनों बहनों की उपलब्धियों की सराहना की। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने शिक्षा के साथ खेल में उनकी सक्रियता को सराहते हुए भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया और आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

जनदर्शन में स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सहायता से जुड़े आवेदन

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आर्थिक परेशानी और अन्य व्यक्तिगत समस्याओं को सामने रखा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जरूरतमंदों के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस जनदर्शन में बुजुर्गों को श्रवण संबंधी सुविधा, बच्चों के उपचार, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रा की शिक्षा और उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने से जुड़े मामले सामने आए। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...