डोंगरगढ़। सरकारी अस्पताल में घायल युवक की कमर में चाकू का 2 से 3 इंच लंबा टुकड़ा फंसा रहने के बावजूद टांके लगा देने के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई की है। खबर सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच कलेक्टर जितेंद्र यादव ने डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. सुचिता श्रीवास्तव को पद से हटा दिया है। उनकी जगह शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सोमेन्द्र सोनटके को BMO की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डॉ. सोमेन्द्र सोनटके संभालेंगे अस्पताल का पूरा प्रभार
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, डॉ. सोमेन्द्र सोनटके सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ का संपूर्ण प्रभार संभालेंगे। इसके साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जुड़े दायित्व भी सौंपे गए हैं।
घायल युवक के उपचार में कथित लापरवाही का मामला सामने आने के बाद BMO को हटाने के फैसले को स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, इस मामले में संबंधित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका की जांच अभी बाकी है।
कमर में चाकू का टुकड़ा छोड़कर लगा दिए गए थे टांके
दरअसल, 10 नवंबर की रात डोंगरगढ़ में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में 22 वर्षीय विवेक साहू चाकूबाजी में घायल हो गया था। अगले दिन यानी 11 नवंबर की सुबह उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया।
आरोप है कि अस्पताल में उपचार के दौरान विवेक की कमर में फंसे चाकू के करीब 2 से 3 इंच लंबे टुकड़े को निकाले बिना ही घाव पर टांके लगा दिए गए। इसके बाद युवक करीब आठ दिनों तक दर्द से परेशान रहा।
एक्स-रे में सामने आया शरीर के अंदर फंसा चाकू का टुकड़ा
18 नवंबर को विवेक का एक्स-रे कराया गया, तब उसके शरीर में चाकू का टुकड़ा फंसे होने का खुलासा हुआ। इसके बाद निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर चाकू का टुकड़ा निकाला गया।
इस मामले ने सरकारी अस्पताल की उपचार व्यवस्था और जिम्मेदार चिकित्सकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। घटना को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब प्रशासन ने BMO को पद से हटाने की कार्रवाई की है।
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की जिम्मेदारी तय होना बाकी
चाकूबाजी की मूल घटना में पुलिस ने FIR दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया था। वहीं, घायल युवक के उपचार में कथित लापरवाही को लेकर अब स्वास्थ्य विभाग की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।
BMO को हटाने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या अस्पताल की उपचार व्यवस्था में भी सुधार होगा? विवेक साहू के इलाज के दौरान ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका की जांच होना अभी बाकी है।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में अलग से जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करता है या प्रशासनिक फेरबदल तक ही कार्रवाई सीमित रहती है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





