बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने मोहल्ले में रहने वाले एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की मां का दावा है कि उनकी बेटी के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की गई और बाद में उसकी मौत को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। वहीं, पुलिस फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।

काम पर जाने के बाद युवक ने मिलने के लिए भेजा मैसेज
जानकारी के अनुसार, घुरु निवासी मीना डहरिया मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी आरुषि एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती थी।
बुधवार सुबह करीब 8 बजे आरुषि रोजाना की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले दुर्गेश सूर्यवंशी ने उसके मोबाइल पर मैसेज भेजकर मिलने के लिए बुलाया। परिचित होने के कारण किशोरी उससे मिलने चली गई।
फोन पर रोते हुए मां को बताई मारपीट की बात
मृतका की मां मीना के मुताबिक, दोपहर में बेटी का फोन आया था, लेकिन काम में व्यस्त होने के कारण वह कॉल नहीं उठा सकीं। बाद में जब उन्होंने बेटी से संपर्क किया तो वह फोन पर रोने लगी।
आरुषि ने बताया कि दुर्गेश उसके साथ बुरी तरह मारपीट कर रहा है। वह इतनी घबराई हुई थी कि मां को अपनी लोकेशन तक नहीं बता पाई। मां को उस समय लगा कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा।
शाम को युवक ने फोन कर दी अस्पताल में भर्ती होने की सूचना
मीना के अनुसार, शाम करीब 6 बजे दुर्गेश का फोन आया। उसने बताया कि आरुषि को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ देर बाद युवक ने दोबारा फोन कर जानकारी दी कि किशोरी ने फांसी लगा ली है और उसे इलाज के लिए सिम्स लाया गया है।
इसके बाद रात करीब 8 बजे सिम्स पुलिस चौकी से परिवार को आरुषि की मौत की सूचना मिली। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया।
मां का आरोप- शरीर पर मिले चोट के निशान
बेटी का शव देखने के बाद मीना ने युवक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उनका दावा है कि आरुषि के पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे।
मां का आरोप है कि बेटी के साथ मारपीट की गई और बाद में घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की गई। उन्होंने युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि, फिलहाल ये आरोप हैं और इनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने दर्ज किए बयान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
सकरी थाना प्रभारी संजय शिंदे के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। परिवार ने युवक पर मारपीट और हत्या के आरोप लगाए हैं।
पुलिस ने किशोरी के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। फिलहाल मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल 17 वर्षीय किशोरी की मौत कई सवाल खड़े कर रही है। क्या यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




