CG Nikay Chunav 2026: छत्तीसगढ़ में चुनावी बिगुल बजने की तैयारी, 4 नगर निगमों समेत 1231 पदों पर होगा चुनाव; दिसंबर के पहले सप्ताह में लग सकती है आचार संहिता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव कराने की तैयारियों में जुटा है। माना जा रहा है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो सकती है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। संभावित कार्यक्रम के मुताबिक, 2 या 3 दिसंबर को चुनाव की तारीखों का ऐलान हो सकता है, जबकि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान कराए जाने की संभावना है।

The Election Process in India: Setting Facts Aside from Fiction | DD News

चुनाव से पहले 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। राजनीतिक दलों ने भी वार्ड स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा और स्थानीय समीकरणों को साधने की कवायद शुरू हो गई है।

1231 पदों पर चुने जाएंगे जनप्रतिनिधि

इस बार छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों को मिलाकर कुल 1231 पदों के लिए चुनाव कराया जाना है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगरीय निकायों में आम निर्वाचन और उपचुनाव के तहत कुल 417 पदों पर मतदान होगा।

इनमें महापौर के 4, अध्यक्ष के 13 और पार्षद के 400 पद शामिल हैं। इसके अलावा उपचुनाव के तहत अध्यक्ष के एक और पार्षद के 6 पदों पर भी चुनाव कराया जाएगा।

वहीं, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कुल 814 पदों के लिए मतदान होगा। इनमें जनपद पंचायत सदस्य का एक, सरपंच के 92 और पंच के 721 पद शामिल हैं।

चार नगर निगमों में भी होगा चुनाव

नगरीय निकाय चुनाव के तहत बिरगांव, भिलाई, भिलाई-चरोदा और रिसाली नगर निगम में मतदान कराया जाएगा। इन चारों नगर निगमों के अलावा अन्य नगरीय निकायों में भी चुनावी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चुनाव की संभावित तारीखों को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। वार्डों में संभावित उम्मीदवारों की दावेदारी, स्थानीय मुद्दों और जातीय-सामाजिक समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

चुनाव में देरी हुई तो निकायों में बैठ सकते हैं प्रशासक

चुनाव कार्यक्रम में देरी होने की स्थिति में कुछ नगरीय निकायों में प्रशासक नियुक्त करने की नौबत आ सकती है। इससे पहले वर्ष 2024 में भी कई नगरीय निकायों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था के तहत प्रशासकों की नियुक्ति की गई थी।

ऐसे में दिसंबर का पहला सप्ताह राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। समय पर चुनाव कार्यक्रम जारी होने से निकायों में जनप्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

2021 में 23 दिनों में पूरी हुई थी चुनावी प्रक्रिया

पिछले चुनावों के कार्यक्रम पर नजर डालें तो वर्ष 2021 में नवंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव की अधिसूचना जारी हुई थी। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान कराया गया था। यानी अधिसूचना से मतदान तक करीब 23 दिनों का समय मिला था।

इसी समय-सीमा को आधार मानते हुए इस बार भी दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मतदान की तारीख, नामांकन और मतगणना का पूरा कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

बिरगांव के 40 वार्डों में लागू होगी आचार संहिता

बिरगांव नगर निगम चुनाव को लेकर आचार संहिता का दायरा भी महत्वपूर्ण है। करीब 36.85 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैले इस नगर निगम का गठन वर्ष 2014 में हुआ था। इसमें कुल 40 वार्ड और 6 मूल राजस्व ग्राम शामिल हैं।

चुनाव की घोषणा के बाद आदर्श आचार संहिता बिरगांव नगर निगम के चुनावी क्षेत्र के सभी 40 वार्डों में लागू होगी। इसका दायरा अपने आप पूरे रायपुर जिले तक नहीं बढ़ेगा।

उरला, बोरझरा, अछोली, रांवांभाठा, उरकुरा, बिरगांव और सरोरा के निगम क्षेत्र में आने वाले हिस्से इसके दायरे में रहेंगे। जिले के अन्य नगरीय निकायों और पंचायत क्षेत्रों में आचार संहिता उनके चुनाव कार्यक्रम के अनुसार लागू होगी।

30 नवंबर के बाद चुनावी तस्वीर होगी साफ

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर अब सबकी निगाहें राज्य निर्वाचन आयोग पर टिकी हैं। 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद चुनावी प्रक्रिया को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। यदि 2 या 3 दिसंबर को कार्यक्रम घोषित होता है तो दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक प्रदेश में चुनावी माहौल अपने चरम पर पहुंच सकता है।

फिलहाल ये तारीखें संभावित हैं। चुनाव कार्यक्रम और आचार संहिता लागू होने की अंतिम पुष्टि राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही होगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel
space for Adv.

यह भी देखें...