बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने हायर ज्यूडिशियल सर्विस से जुड़े अधिकारियों के तबादले संबंधी नया आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत मनीष कुमार ठाकुर को बिलासपुर हाई कोर्ट का नया रजिस्ट्रार जनरल नियुक्त किया गया है। वे इससे पहले रजिस्ट्रार (सतर्कता एवं सूचना व आर्थिकी) के पद पर कार्यरत थे। अब वे रजिस्ट्रार जनरल के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
इसी क्रम में मंसूर अहमद, जो वर्तमान में जशपुर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं, को उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार (सतर्कता) के पद पर स्थानांतरित कर दिया गया है।

वहीं, निधि शर्मा तिवारी, जो अतिरिक्त रजिस्ट्रार (डी.ई. एंड ई.) के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अब छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी, बिलासपुर का नया निदेशक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, अनिल कुमार पाण्डेय, जो फिलहाल महासमुंद में द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश के रूप में पदस्थ हैं, को उच्च न्यायालय में अपर रजिस्ट्रार (वि.अ.व.ई.) के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन तबादलों को लेकर विधिवत आदेश जारी कर दिया गया है और संबंधित अधिकारी जल्द ही अपना नया कार्यभार संभालेंगे।

Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





