Khabri Chai Desk : सुकमा जिले के कोंटा में हुए नक्सली हमले में शहीद ASP श्री आकाश राव गिरपुंजे को राजधानी रायपुर में श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शहीद के निवास पहुंचे और पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की और कहा कि शहीद श्री गिरपुंजे ने अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिस पर पूरे प्रदेश को गर्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ वन मंत्री केदार कश्यप, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, पुलिस महानिदेशक अरूण देव गौतम और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन्स) विवेकानंद सिन्हा भी मौजूद रहे। सभी ने शहीद को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री साय ने स्थगित किया राजनांदगांव दौरा
मुख्यमंत्री साय ने नक्सली घटना को गंभीरता से लेते हुए राजनांदगांव का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया। इसके बाद उन्होंने मंत्रालय स्थित कार्यालय में गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सुकमा के कोंटा में हुए आईईडी विस्फोट की पूरी जानकारी ली गई और नक्सल ऑपरेशन्स की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने घायल जवानों के त्वरित और उचित इलाज के निर्देश दिए।
घायल जवानों से की मुलाकात, शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पहुंचकर नक्सली हमले में घायल जवानों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि सभी घायल जवानों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





