Khabri Chai Desk : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ननसियां गांव में एक बड़े अजगर का रेस्क्यू किया गया था। इसी दौरान वहां से 21 अंडे भी बरामद हुए थे, जिन्हें रायगढ़ एनिमल सेवा समिति के सदस्यों ने भुसे में सुरक्षित रखकर अपनी निगरानी में रखा था। अब उन अंडों से सभी 21 अजगर के बच्चे बाहर आ चुके हैं, जिन्हें सुरक्षित रूप से पहाड़ के नीचे छोड़ दिया गया है।

यह घटना 7 जून की है, जब समिति के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह को ननसियां गांव से रेस्क्यू कॉल प्राप्त हुआ। एक ग्रामीण के गाय कोठे में करीब 12 फीट लंबा अजगर देखा गया, जिसे टीम ने रेस्क्यू कर पास के तालाब में छोड़ा। उसी स्थान से अजगर के 21 अंडे भी बरामद हुए, जिन्हें वहीं सुरक्षित भुसे में रखकर समय-समय पर निगरानी की गई।
करीब 9-10 दिन पहले अंडों में क्रैक दिखाई दिए, जिससे अनुमान लगाया गया कि बच्चे जल्द बाहर आएंगे। निगरानी बढ़ाई गई और अंततः सोमवार को सभी अंडों से अजगर के बच्चे बाहर आ गए। इसके बाद समिति ने उन्हें गांव के पास पहाड़ के नीचे प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित ढंग से छोड़ दिया। समिति अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि अजगर के अंडों से बच्चे सामान्यतः 45 से 90 दिनों के भीतर निकलते हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि उसी क्षेत्र में 2-3 और बड़े अजगर मौजूद हो सकते हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





