सीतानदी टाइगर रिजर्व में 53 गिरफ्तार

Khabri Chai Desk : धमतरी के सीतानदी टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण के प्रयास को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोंडागांव जिले से आए 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सभी आरोपी महानदी कैचमेंट एरिया और हाथी-तेंदुआ जैसे संरक्षित वन्यप्राणी रहवास क्षेत्रों में अवैध रूप से प्रवेश कर पेड़-पौधों की कटाई का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही तीन परिक्षेत्रों की संयुक्त वन टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी को धर दबोचा।
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक वरुण जैन ने बताया कि सीतानदी (कोर) परिक्षेत्र के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 323, घोटबेड़ा क्षेत्र में कोंडागांव जिले के कई गांवों से आए ग्रामीण बिना अनुमति अभयारण्य के कोर जोन में घुसे थे। सभी आरोपी कुल्हाड़ी लेकर आए थे और उन्होंने कई छोटे-छोटे पेड़ व झाड़ियों की कटाई शुरू कर दी थी।

Also Read : सुकमा मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर https://khabrichai.com/sukma-encounter-3-naxalite-killed/

घटना की जानकारी मिलते ही सहायक संचालक, परिक्षेत्र अधिकारी सीतानदी व अरसीकन्हार तथा अन्य वन कर्मचारी मौके पर पहुंचे। आरोपियों को हिरासत में लेते हुए उनके पास से 53 कुल्हाड़ियां भी जब्त की गईं। सभी 53 आरोपियों को गिरफ्तार कर 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 27, 29, 31, 50, 51, 52 तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26(1) के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे मामलों में 3 से 7 साल तक की सजा का प्रावधान है। उल्लेखनीय है कि पिछले तीन वर्षों में टाइगर रिजर्व प्रशासन ने करीब 750 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है।

👉सबसे पहले छत्तीसगढ़ के समाचार जानने के लिए जुड़े हमारे What’sApp Group से : https://chat.whatsapp.com/BQBiZ96FZmA30lvDjaFqta

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel