कोदो चावल खाने से एक परिवार के 6 लोग बीमार

Khabri Chai Desk : बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा गांव में रविवार को भोजन करने के बाद एक ही परिवार के छह लोग अचानक बीमार पड़ गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सभी ने दोपहर के समय कोदो चावल और कुंदरु की सब्जी का सेवन किया था। शाम होते-होते परिवार के सदस्यों को उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में भर्ती कराया गया।
बीमार पड़े लोगों में बसमतीया, देव कुमार, सुनीता, रामबकस, मिस्त्री और आकाश शामिल हैं। इनमें एक 15 वर्षीय किशोर भी है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सभी का प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने से सभी की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और किसी की जान को खतरा नहीं है।

Also Read : रायपुर–दुर्ग मेट्रो की तैयारी तेज, बनेगा स्टेट कैपिटल रीजन https://khabrichai.com/raipur-durg-metro-state-capital-region-scr/

डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया है। प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कुंदरु की सब्जी या कोदो चावल में किसी तरह का विषाक्त तत्व मौजूद रहा होगा, जिससे यह स्थिति बनी। हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि लैब जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। गांव में लोगों को सावधानी बरतने और बासी या संदिग्ध भोजन का सेवन न करने की सलाह दी गई है। फिलहाल सभी मरीजों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

👉सबसे पहले छत्तीसगढ़ के समाचार जानने के लिए जुड़े हमारे What’sApp Group से : https://chat.whatsapp.com/BQBiZ96FZmA30lvDjaFqta

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel