मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल: महतारी वंदन योजना के दो साल, महिलाओं की आत्मनिर्भरता में बड़ा बदलाव

रायपुर, 31 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना ने अपनी दो साल की यात्रा पूरी कर ली है। इस योजना ने केवल महिलाओं को मासिक वित्तीय सहायता देने तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि लाखों माताओं और बहनों के जीवन में आत्मनिर्भरता, सम्मान और भरोसे का नया आयाम जोड़ दिया है।

योजना की शुरुआत 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पहली किस्त जारी करने के साथ हुई थी। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इसे पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लागू किया, ताकि लाभ सीधे महिलाओं तक पहुंच सके। 30 जनवरी को मुख्यमंत्री ने नारायणपुर जिले से योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर 68 लाख 47 हजार 355 महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई।

अब तक कुल 15,595 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत नींव है। नियमित आर्थिक मदद से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे पारिवारिक एवं सामाजिक निर्णयों में सक्रिय भागीदारी कर रही हैं। डीबीटी प्रणाली के जरिए दूर-दराज और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तक भी लाभ बिना किसी रुकावट के पहुंच रहा है।

महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में मिल रहे हैं। इस छोटी लेकिन नियमित मदद ने महिलाओं की रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ा बदलाव किया है। घर की जरूरतों को पूरा करना आसान हुआ, बचत की आदत बढ़ी और आर्थिक फैसलों में महिलाओं की भूमिका मजबूत हुई।

ग्रामीण और शहरी इलाकों में कई महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल छोटे व्यवसाय शुरू करने में कर रही हैं। कहीं आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कहीं पापड़ या खाद्य सामग्री, तो कहीं श्रृंगार सामग्री की दुकानें चल रही हैं। इससे साफ है कि सही नीति और निरंतर सहयोग से महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हो रही हैं।

महतारी वंदन योजना मजदूर, छोटे किसान और सीमित आय वाले परिवारों के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रही है। बच्चों की पढ़ाई, इलाज और आकस्मिक खर्चों की चिंता अब पहले जैसी नहीं रही। सुकमा, बीजापुर, कांकेर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में भी यह योजना प्रभावी ढंग से लागू हो रही है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इस योजना से महिलाओं का जीवन सम्मान और आत्मविश्वास से भरपूर हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ हर पात्र महिला तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel