सड़क सुरक्षा की दिशा में अदाणी पावर रायगढ़ की पहल: ग्राम चिखली में 106 दोपहिया चालकों को बांटे गए हेलमेट

रायगढ़, 1 फरवरी 2026।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से अदाणी पावर लिमिटेड, रायगढ़ द्वारा सड़क सुरक्षा माह अभियान के अंतर्गत ग्राम चिखली (सारंगढ़ नेशनल हाईवे) में एक विशेष जागरूकता एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 106 से अधिक दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम के तहत नेशनल हाईवे पर बिना हेलमेट वाहन चला रहे दोपहिया चालकों को पुलिस विभाग की सहायता से रोका गया और उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट की अनिवार्यता तथा इससे होने वाले जीवन रक्षक लाभों के बारे में विस्तार से समझाया गया। जागरूकता के बाद अदाणी पावर रायगढ़ की ओर से उन्हें तुरंत हेलमेट प्रदान किए गए, जिससे चालकों में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश गया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी (ट्रैफिक) श्री उत्तम प्रताप सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि सड़क हादसों में सबसे अधिक मौतें दोपहिया चालकों की होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने अदाणी पावर रायगढ़ की इस पहल को सराहनीय बताते हुए अन्य औद्योगिक संस्थानों से भी ऐसे सामाजिक प्रयासों में भागीदारी की अपील की।

अदाणी पावर रायगढ़ की ओर से चीफ बिज़नेस ऑफिसर श्री शशधर दास एवं प्रोजेक्ट हेड श्री अजीत राय उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कंपनी केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की सुरक्षा, स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़क सुरक्षा जैसे विषय पर किया गया यह प्रयास कंपनी की सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कार्यक्रम के सफल संचालन में अदाणी पावर रायगढ़ के CSR, मानव संसाधन, सुरक्षा एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, संपूर्ण कार्यक्रम का समन्वय पुसौर थाना प्रभारी श्री राम किंकर यादव द्वारा किया गया।

स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया एक सराहनीय और जीवन रक्षक कदम बताया। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि हेलमेट सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel