
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 22 फरवरी को प्रस्तावित नाइट डीजे पार्टी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस इवेंट में अभिनेत्री सनी लियोनी के रायपुर आने की घोषणा के बाद बजरंग दल ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कार्यक्रम रद्द करने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, इवेंट के प्रमोशनल पोस्टर और सोशल मीडिया पर सनी लियोनी के रायपुर आगमन का ऐलान किया गया था। इसके बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। संगठन का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं पर गलत प्रभाव डालते हैं और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं।
बजरंग दल के पदाधिकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की बात कही है और चेतावनी दी है कि यदि कार्यक्रम की अनुमति रद्द नहीं की गई, तो वे और उग्र आंदोलन कर सकते हैं। संगठन ने यह भी कहा कि रायपुर जैसे शांत शहर में इस प्रकार की नाइट पार्टी स्वीकार्य नहीं है।
वहीं, कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और जिला प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और नियमों के अनुसार ही फैसला लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी देश के विभिन्न शहरों में इस तरह के आयोजनों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। रायपुर में यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से चर्चा का विषय बन गया है।
अब सबकी निगाहें प्रशासन के फैसले पर टिकी हैं कि 22 फरवरी को होने वाली नाइट डीजे पार्टी तय कार्यक्रम के अनुसार होगी या विरोध के चलते इसमें बदलाव किया जाएगा।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




