छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत: धान खरीदी के लिए मिले दो अतिरिक्त दिन, 5–6 फरवरी को विशेष व्यवस्थ

 

 

जगदलपुर, 04 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के किसानों के हित में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील निर्णय लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समय-सीमा को दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब राज्य में 5 फरवरी और 6 फरवरी 2026 को विशेष दिवस के रूप में धान खरीदी की जाएगी। इस फैसले से उन किसानों को बड़ी राहत मिली है, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा में अपनी फसल का विक्रय नहीं कर पाए थे।

गौरतलब है कि राज्य में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया 15 नवंबर 2025 से प्रारंभ होकर 31 जनवरी 2026 तक निर्धारित थी। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी उपज उपार्जन केंद्रों में विक्रय की, लेकिन जमीनी स्तर पर सामने आई तकनीकी दिक्कतों, टोकन सत्यापन में विलंब तथा अन्य व्यवहारिक समस्याओं के चलते कुछ किसान निर्धारित अवधि में धान नहीं बेच सके। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन ने समय-सीमा में वृद्धि का निर्णय लिया है, ताकि कोई भी पात्र किसान अपनी मेहनत की फसल बेचने से वंचित न रह जाए।

शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इस अतिरिक्त अवधि का लाभ मुख्य रूप से तीन श्रेणियों के किसानों को मिलेगा। इसमें वे किसान शामिल हैं, जिन्होंने 10 जनवरी के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था, लेकिन जिनका सत्यापन समय पर पूर्ण नहीं हो पाया। इसके अलावा ऐसे किसान भी पात्र होंगे, जिन्होंने 10 जनवरी के बाद आवेदन किया और सत्यापन उपरांत उनके पास धान उपलब्ध पाया गया है। वहीं तीसरी श्रेणी में वे किसान शामिल हैं, जिनके पास 28, 29 या 30 जनवरी 2026 की तिथि का टोकन था, लेकिन किसी अपरिहार्य कारण से वे तय समय पर धान का विक्रय नहीं कर सके थे।

अंतिम चरण की धान खरीदी को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों पर बारदाना, हमाल, तौल व्यवस्था और अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर ने भी अपने नोडल अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों और समिति प्रबंधकों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए कहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel