
महासमुंद, 4 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 का भव्य, रंगारंग और यादगार समापन बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर एवं प्लेबैक सिंगर मीत ब्रदर्स की धमाकेदार प्रस्तुति के साथ संपन्न हुआ। समापन संध्या पर संगीत, रोशनी और उत्साह का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।
अंतिम दिवस की रात्रि मुंबई से आए मीत ब्रदर्स के मनमीत सिंह, हरमीत सिंह और गायिका खुशबू ग्रेवाल ने अपने सुपरहिट और भावनात्मक गीतों से पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। जैसे ही “बेबी डॉल”, “चिट्टियां कलाइयां”, “मैं तेरा बॉयफ्रेंड”, “आ तो सही” जैसे लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों की धुनें गूंजी, पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। युवा वर्ग से लेकर बुजुर्गों तक, सभी दर्शक संगीत की मस्ती में झूमते नजर आए। मीत ब्रदर्स की ऊर्जावान प्रस्तुति और सुमधुर गायकी ने सिरपुर महोत्सव के समापन को अविस्मरणीय बना दिया।

इससे पहले दोपहर 2 बजे से ही सिरपुर महोत्सव के मंच पर विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन शुरू हो गया था। कुमारी आसना द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण कत्थक नृत्य और आंचल पाण्डेय की मनमोहक ओडिसी प्रस्तुति ने शास्त्रीय नृत्य की गरिमा को दर्शाया। बिहान लोक कला मंच द्वारा प्रस्तुत ऊर्जावान पंथी नृत्य, एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों द्वारा किया गया पारंपरिक बस्तरिहा नृत्य, तथा नानगांव बोहधन और साध्वी सेवा मगरपाली की डंडा नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
लोक कला मंच कन्हारपुरी की सोलह सिंगार प्रस्तुति, किशोर हम्पीहोली का प्रभावशाली प्रदर्शन, स्वर संगम सांस्कृतिक मंच नागपुर द्वारा प्रस्तुत आम्रपाली नृत्य नाटक, तथा सावित्री कहार लोक कला मंच रायपुर की लोक साधना प्रस्तुति ने भारतीय लोक संस्कृति की विविधता और समृद्ध परंपराओं का जीवंत चित्रण किया। लोक, शास्त्रीय और आधुनिक कला के संगम के साथ तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 2026 का सफल और भव्य समापन हुआ, जो लंबे समय तक दर्शकों की स्मृतियों में बना रहेगा।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





