
बलौदाबाजार, 4 फरवरी 2026।
शिक्षा को पुस्तकों से आगे बढ़ाकर व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में बलौदाबाजार जिला प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल की गई है। कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक श्री दीपक सोनी ने मंगलवार को स्कूली बच्चों के शैक्षणिक भ्रमण हेतु विशाखापट्टनम जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
जिला मिशन समन्वयक श्री नरेन्द्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शैक्षणिक भ्रमण माध्यमिक स्तर अंतर्गत पीएमश्री शालाओं के उन विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया है, जिन्होंने बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस भ्रमण में कुल 6 मेधावी विद्यार्थी और 6 शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हैं। इसके साथ ही पीएमश्री योजना के जिला नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी भी इस दल का हिस्सा हैं।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत प्रारंभिक एवं माध्यमिक स्तर के 20 विद्यार्थियों और 2 शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी इस शैक्षणिक भ्रमण का अवसर दिया गया है। यह भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया है, ताकि वे देश के अन्य राज्यों की संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और शैक्षणिक संस्थानों से परिचित हो सकें।
कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के लिए सीखने का एक महत्वपूर्ण माध्यम होता है। इससे न केवल उनका ज्ञान बढ़ता है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीमवर्क की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे भ्रमण के दौरान प्राप्त अनुभवों को अपने अध्ययन और जीवन में अपनाएं।
विशाखापट्टनम भ्रमण के दौरान विद्यार्थी वहां के प्रमुख शैक्षणिक, वैज्ञानिक, औद्योगिक और ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन करेंगे। इससे उन्हें विज्ञान एवं तकनीक के आधुनिक प्रयोगों को समझने का अवसर मिलेगा, साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक पहलुओं से भी वे रूबरू हो सकेंगे। शिक्षकों की निगरानी में आयोजित यह भ्रमण पूर्णतः सुरक्षित एवं सुनियोजित रहेगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्राप्त होते हैं। यह पहल छात्रों में नवाचार, जिज्ञासा और उच्च लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा देती है। विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी इस पहल के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त किया है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





