
लगातार दो दिनों की तेज़ी के बाद गुरुवार, 5 फरवरी को सोना और चांदी की कीमतों में ज़बरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। वायदा बाजार से लेकर सर्राफा बाजार तक निवेशकों को आज झटका लगा है। मुनाफा वसूली (Profit Booking) को इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह माना जा रहा है।
MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) में चांदी के दाम में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। आज चांदी करीब 28 हजार रुपए यानी लगभग 11% टूट गई। इसके बाद 1 किलो चांदी का भाव घटकर करीब 2.40 लाख रुपए पर आ गया है। बीते दिनों चांदी ने रिकॉर्ड तेजी दिखाई थी, जिसके बाद अब निवेशक मुनाफा निकालते नजर आ रहे हैं।
वहीं सोने की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई है। MCX पर 10 ग्राम सोना करीब 3 हजार रुपए यानी लगभग 2% सस्ता हुआ है। आज सोने का भाव घटकर 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले 29 जनवरी से 2 फरवरी के बीच भी सोने-चांदी में बड़ी गिरावट देखी गई थी। इस दौरान चांदी की कीमत में करीब 1.60 लाख रुपए प्रति किलो और सोने की कीमत में करीब 26 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई थी।
सर्राफा बाजार का हाल
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, आज दोपहर जारी आंकड़ों में सर्राफा बाजार में भी गिरावट दर्ज की गई है।
चांदी: ₹30,230 की गिरावट के साथ ₹2,52,232 प्रति किलो
24 कैरेट सोना (10 ग्राम): ₹3,613 की गिरावट के साथ ₹1,53,012
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि हालिया तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफा वसूली शुरू कर दी है, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिरता और डॉलर की चाल भी कीमतों को प्रभावित कर रही है।
आने वाले दिनों में सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना जताई जा रही है। निवेशकों को फिलहाल सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





