
रायपुर।
राजधानी रायपुर के शताब्दी नगर कॉलोनी में कुत्ता घुमाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में हिंसा में बदल गया। सावधानी बरतने की बात कहना एक प्राइवेटकर्मी को भारी पड़ गया। आरोप है कि तीन युवकों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित सुभादिप चक्रबर्ती ने पुलिस को बताया कि वह शताब्दी नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है और निजी कंपनी में कार्यरत है। उसने बताया कि 5 फरवरी 2026 की रात करीब 10.45 बजे वह कॉलोनी में टहल रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति अपने कुत्ते को बिना पर्याप्त सावधानी के घुमा रहा था। कुत्ते से काटे जाने की आशंका को देखते हुए सुभादिप ने उसे सतर्क रहने और कुत्ते पर नियंत्रण रखने की बात कही। इस पर आरोपी उससे उलझ गया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन करीब 15 मिनट बाद हालात फिर बिगड़ गए। रात लगभग 11 बजे जब सुभादिप अपने किराए के मकान से स्कूटी लेकर बाहर निकला, तभी कॉलोनी के पास तीन युवक पहुंचे और उसे घेर लिया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए “तू मेरे कुत्ते को लेकर बोलेगा” कहकर हमला कर दिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर हाथ-मुक्कों और लातों से उसकी पिटाई कर दी।
मारपीट में सुभादिप के बाएं पैर, कमर और दाहिने गाल में चोटें आईं। हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह खुद को बचाकर वह वहां से निकला और घटना की जानकारी अपनी पत्नी जॉली चक्रबर्ती को दी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार कराया गया।
इलाज के बाद पीड़ित ने 6 फरवरी 2026 को तेलीबांधा थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपियों की पहचान के लिए घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





