रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में भीषण आग: कावेरी इंडस्ट्री की तार फैक्ट्री चपेट में, बड़ा हादसा टला

 

रायपुर।
राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित कावेरी इंडस्ट्री की तार निर्माण फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसमान में दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय फैक्ट्री के भीतर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं और फैक्ट्री के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में तार, ऑयल, केमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी, जिससे हालात और गंभीर हो गए।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों व स्थानीय लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया।

मौके पर मौजूद निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए फैक्ट्री को तत्काल खाली करा लिया था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते किए गए इस कदम से एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राथमिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जा सकेगी। इस हादसे में फैक्ट्री में रखे कच्चे माल, तारों के स्टॉक और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

आग की सूचना फैलते ही आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए थे। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और सुरक्षा के लिहाज से घटनास्थल से दूर रहें। फिलहाल दमकल विभाग द्वारा एहतियातन कूलिंग का कार्य जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

प्रशासन ने औद्योगिक इकाइयों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel