
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 07 फरवरी 2026:
जीपीएम जिले की स्थापना दिवस के अवसर पर 10 फरवरी को जिला स्तरीय अरपा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री के दो दिवसीय जिला प्रवास और महोत्सव की रुप-रेखा एवं तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी और पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी ने जिला अधिकारियों की बैठक ली।
कलेक्टर कार्यालय के अरपा सभा कक्ष में आयोजित बैठक में महोत्सव स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल और चलित शौचालय जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी विभागों को दायित्व सौंपे गए और सुनिश्चित किया गया कि महोत्सव का आयोजन गरिमामय और व्यवस्थित तरीके से हो।

महोत्सव की रूप-रेखा के अनुसार, विभिन्न विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए मेले, झूला और फूड जोन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों और स्कूलों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। महोत्सव का आयोजन इस वर्ष मल्टी परपज स्कूल मैदान, पेण्ड्रा में किया जाएगा।
अरपा महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाएगा। हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत सामग्री और सहायता राशि का चेक वितरण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री द्वारा जिले के जिला चिकित्सालय भवन का भूमि पूजन, चिकित्सालय परिसर में वृक्षारोपण, टीबी मुक्त 51 पंचायतों, बाल विवाह मुक्त 71 पंचायतों और गौरेला एवं पेण्ड्रा के 2 नगरीय निकायों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
बैठक के बाद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, वनमंडल अधिकारी, जिला पंचायत सीईओ सहित अन्य अधिकारियों ने महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने महोत्सव स्थल पर बने हेलीपैड, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल, चलित शौचालय और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे समन्वयपूर्वक कार्य करें और महोत्सव का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हो।
अरपा महोत्सव का आयोजन जिले की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और विकास कार्यों को प्रदर्शित करने का अवसर है। महोत्सव में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनजागरूकता फैलाने की भी योजना है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





