
नई दिल्ली।
कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से पार्टी ने नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया है। यह प्रशिक्षण दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु समेत कई राज्यों के जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में आयोजित किया गया है, जबकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इसके मार्गदर्शन की भूमिका में हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जिलाध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं और पार्टी की विचारधारा, रणनीति और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनकी भूमिका निर्णायक होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्हें वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

कांग्रेस के अनुसार, आज का कार्यक्रम प्रारंभिक ओरिएंटेशन और बेसिक ट्रेनिंग के रूप में रखा गया है। इसके बाद सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के लिए 10 दिनों का विस्तृत और आवासीय प्रशिक्षण शिविर अलग से आयोजित किया जाएगा। इस आवासीय शिविर की तिथियां और स्थान को लेकर जानकारी बाद में साझा की जाएगी।
राहुल गांधी से सीधा संवाद और वन-टू-वन चर्चा
एक दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे जिलाध्यक्षों के साथ सीधे संवाद और वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे। इस सत्र में जिलाध्यक्ष अपने-अपने जिलों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की वर्तमान चुनौतियां, जमीनी स्तर की समस्याएं और आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर अपने विचार रखेंगे।

संगठन, मीडिया और सोशल मीडिया पर फोकस
प्रशिक्षण सत्रों में बूथ स्तर से जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने, प्रभावी संवाद, मीडिया मैनेजमेंट, सोशल मीडिया कैंपेन, डिजिटल रणनीति, जनता से सीधा जुड़ाव और जन आंदोलनों के संचालन जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी का उद्देश्य जिलाध्यक्षों को बदलते राजनीतिक और डिजिटल माहौल के अनुरूप तैयार करना है।
कांग्रेस नेतृत्व ने संकेत दिए हैं कि एक दिवसीय प्रशिक्षण से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तृत एजेंडा और शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





