![]()
दुर्ग/भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित छावनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने होटल मालिक और रिसेप्शनिस्ट को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए इस अवैध गतिविधि का खुलासा किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी को छावनी स्थित छाया इन होटल में दलालों के माध्यम से युवतियां उपलब्ध कराए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया के तहत जांच शुरू की और पूरे मामले की पुष्टि के लिए विशेष रणनीति बनाई।
मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस ने प्वाइंटर ग्राहक बनाकर होटल भेजा। जांच में सूचना सही पाए जाने के बाद पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने के प्रमाण मिले, जिसके आधार पर पुलिस ने मौके से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान होटल संचालक और रिसेप्शनिस्ट की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी दलालों के जरिए युवतियों को बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराते थे और इसके बदले पैसे वसूलते थे। पुलिस ने इस कार्रवाई में छावनी निवासी होटल मालिक घनेश रॉय (56) और रिसेप्शनिस्ट सीता चौधरी (25) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब्त मोबाइल की जांच के जरिए इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस होटल में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने होटल पर निगरानी बढ़ाई और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





