राजधानी में पुलिसकर्मी ही निकला ड्रग्स तस्कर, 1 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस विभाग की छवि को झटका देने वाला मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक आरक्षक को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आरक्षक के पास से करीब 1 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 8 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे मठपारा इलाके में एक व्यक्ति एक्सिस वाहन (CG-04-PW-1372) में बैठकर हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टिकरापारा और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक की झिल्ली में रखा करीब 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान हिमांशु बर्मन (34) के रूप में हुई, जो रायपुर में पदस्थ आरक्षक है। आरोपी मूल रूप से कबीरधाम जिले के ग्राम कुंडा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर पुलिस लाइन स्थित जनता कॉलोनी में रह रहा था। आरोपी के पुलिस आरक्षक होने की पुष्टि के बाद विभागीय स्तर पर भी हलचल मच गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस अब इस मामले की जांच ‘सोर्स टू डेस्टिनेशन’ एंगल से कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी को मादक पदार्थ कहां से मिला और इसकी सप्लाई चेन में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel