नामीबिया के खिलाफ भारत का दूसरा मैच आज, प्लेइंग XI में बदलाव संभव

टी-20 वर्ल्ड कप में भारत आज अपना दूसरा मुकाबला नामीबिया के खिलाफ खेलेगा। मैच से पहले भारतीय टीम को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि ओपनर अभिषेक शर्मा की तबीयत खराब बताई जा रही है। ऐसे में उनके इस मुकाबले में खेलने की संभावना कम है। उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। माना जा रहा है कि सैमसन, ईशान किशन के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं।

भारतीय टीम के लिए राहत की खबर यह है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट से उबरकर टीम में वापसी के लिए तैयार हैं। उनकी वापसी से टीम की गेंदबाजी और मजबूत होगी। हालांकि बुमराह के शामिल होने पर अर्शदीप सिंह या मोहम्मद सिराज में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। अमेरिका के खिलाफ पिछले मुकाबले में सिराज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लिए थे, जबकि अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट झटके थे।

कप्तान सूर्यकुमार यादव भी बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने पिछले मैच में अमेरिका के खिलाफ 84 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया था। ऐसे में टीम को उनसे एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी।

दूसरी ओर नामीबिया की टीम को अपने पहले मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में आज का मैच उनके लिए बेहद अहम माना जा रहा है। यदि टीम इस मुकाबले में भी हार जाती है तो सुपर-8 चरण में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को बड़ा झटका लग सकता है।

हालांकि नामीबिया को हल्के में नहीं लिया जा सकता। टीम ने 2022 टी-20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका जैसी मजबूत टीम को हराकर सभी को चौंका दिया था। वर्ल्ड कप इतिहास में नामीबिया और भारत के बीच एक बार मुकाबला हो चुका है, जिसमें 2021 में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की थी।

टी-20 वर्ल्ड कप में नामीबिया अब तक 16 मैच खेल चुकी है, जिसमें उसे 4 में जीत और 11 में हार मिली है, जबकि एक मुकाबला टाई रहा। टीम के लिए जैन निकोल लोफ्टी-ईटन अहम खिलाड़ी माने जा रहे हैं, जिन्होंने पिछले मैच में 42 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिया था। वहीं स्पिनर बर्नार्ड शोल्ट्ज ने भी गेंदबाजी में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।

दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां भारत जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा, जबकि नामीबिया टूर्नामेंट में बने रहने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel