
राजधानी रायपुर में फर्जी RTO ई-चालान के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रायपुर पुलिस ने राजस्थान में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो मोबाइल यूजर्स को APK फाइल डाउनलोड करवाकर उनके फोन हैक करते थे और बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल और नरसिंह सिंह के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार विधानसभा थाना क्षेत्र के निवासी धर्मेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मोबाइल पर RTO ई-चालान के नाम से एक एसएमएस आया था। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से करीब 4.52 लाख रुपए कट गए। शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने गूगल, बैंकिंग संस्थानों, मोबाइल सेवा प्रदाताओं और टेलीग्राम से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और राजस्थान में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लोगों को “टास्क पूरा करें”, “इंस्टेंट बोनस” और “रेफरल बोनस” जैसे लालच देते थे। इसके बाद वे Winmate और Wingo जैसे फर्जी ऐप डाउनलोड करवाते थे, जो आधिकारिक ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते थे। ऐप इंस्टॉल होते ही मोबाइल से बड़ी संख्या में धोखाधड़ी वाले एसएमएस भेजे जाते थे। इन लिंक पर क्लिक करते ही यूजर का फोन हैक हो जाता और बैंक खाते से पैसे निकाल लिए जाते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी से हासिल रकम को छिपाने के लिए आरोपी Swiggy और Instamart जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से अलग-अलग राज्यों में सामान मंगवाकर भुगतान करते थे। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि केवल अधिकृत ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.




