
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रोडरेज और धमकी के मामले में आरोपी शोएब ढेबर फरार हो गया है। स्कूल संचालक को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी शहर छोड़कर अंडरग्राउंड हो गया है, जबकि पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस अब तक आरोपी के घर चार बार दबिश दे चुकी है, लेकिन वह गिरफ्त से बाहर है। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा है और लगातार ठिकाना बदल रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़ित स्कूल संचालक आरबी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे वे विधायक कॉलोनी से वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वे अपनी कार के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक कार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी गाड़ी को स्क्रैच मार दिया

जब मिश्रा ने चालक को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी, तो आरोपी शोएब ढेबर ने बीच सड़क पर गाड़ी रोककर उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि शोएब ढेबर शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का बेटा और रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर एजाज ढेबर का भतीजा है। उसका नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। वर्ष 2025 में जेल परिसर में बिना अनुमति प्रवेश और अभद्र व्यवहार के मामले में उस पर कार्रवाई हुई थी। इसके अलावा क्लब में मारपीट और कोरोना काल के दौरान पुलिस से विवाद के मामले भी चर्चा में रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





