
रायपुर। राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में अवैध प्लाटिंग करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया है। निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन क्रमांक 6 की टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने किया।
जानकारी के अनुसार भाठागांव क्षेत्र में “शंकरा विहार” नाम से अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायत नगर निगम को मिली थी। शिकायत के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें पता चला कि करीब 5 एकड़ से अधिक जमीन पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के प्लाटिंग की जा रही थी।

जांच में यह भी सामने आया कि इस जमीन पर अवैध रूप से मुरुम सड़कें बनाकर कॉलोनी विकसित करने की कोशिश की जा रही थी। इसके बाद निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से इन सड़कों और निर्माण कार्यों को तोड़ दिया। अधिकारियों के मुताबिक यह जमीन हल्का नंबर 105/60 के अंतर्गत आती है।
इस कार्रवाई में जिन खसरा नंबरों की जमीन शामिल है उनमें 940/1, 940/2, 940/4, 940/8, 940/9, 940/10, 941/1, 941/2, 941/3, 944/1 और 944/2 शामिल हैं। इन जमीनों पर नियमों को दरकिनार कर प्लॉट काटे जा रहे थे और लोगों को बेचने की तैयारी की जा रही थी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस अवैध प्लाटिंग के पीछे भारत और कौशल नाम के लोगों की भूमिका सामने आई है। इन पर आरोप है कि बिना किसी अनुमति के जमीन को कॉलोनी के रूप में विकसित कर बेचा जा रहा था। इतना ही नहीं, अवैध प्लाटिंग का प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया के जरिए भी किया जा रहा था।

निगम प्रशासन ने पूरे मामले में आगे की कार्रवाई के लिए तहसीलदार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मौके पर जांच की गई और अवैध रूप से बनाई गई मुरुम सड़कों को बुलडोजर से हटाया गया है। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नगर निगम की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति के जमीन की प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





