
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला अस्पताल में बुधवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां इलाज के लिए भर्ती एक महिला मरीज ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना धमतरी के जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में हुई। मृतक महिला की पहचान 20 वर्षीय दशोमती नेताम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कोंडागांव जिले के ग्राम खोपाबेड़ा की रहने वाली थी। वह धमतरी में मजदूरी का काम करती थी और हरिओम राइस मिल में काम कर रही थी।

बताया जा रहा है कि 10 मार्च को खाना बनाते समय आग से झुलस जाने के कारण उसे धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके चेहरे और शरीर के कुछ हिस्से जल गए थे, जिसके कारण उसका इलाज बर्न वार्ड में चल रहा था। अस्पताल में उसकी देखभाल के लिए उसकी बहन जगमती सोरी भी उसके साथ मौजूद थी।
11 मार्च की दोपहर महिला बर्न वार्ड के महिला प्रसाधन कक्ष में गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसकी बहन को चिंता हुई। दोपहर लगभग 1 बजे जब उसने जाकर देखा तो दशोमती नेताम गमछे के फंदे से लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल अस्पताल प्रबंधन को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। नगर पुलिस उप अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ यू एल कौशिक, सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी और अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अस्पताल के कर्मचारियों और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





