मुख्यमंत्री की पहल से बची मासूम की जान, प्रोजेक्ट धड़कन बना सहारा

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जिला प्रशासन की पहल ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ ने एक बार फिर एक बच्चे को नया जीवन देने में अहम भूमिका निभाई है। इस पहल के तहत 11 वर्षीय पीहू कारके का सफल हार्ट ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रही है।

पीहू कक्षा छठवीं की छात्रा है और पिछले कुछ समय से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रही थी। दिल की समस्या के कारण उसे खेल-कूद और अन्य शारीरिक गतिविधियों में काफी परेशानी होती थी। परिवार को भी उसकी बीमारी को लेकर चिंता बनी रहती थी। इसी दौरान जिला प्रशासन रायपुर की ओर से पुलिस विभाग के कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए ‘प्रोजेक्ट छांव’ के तहत एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

इस स्वास्थ्य शिविर में ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ से जुड़ी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने पीहू की जांच की। प्रारंभिक जांच में उसके हृदय से जुड़ी समस्या सामने आई, जिसके बाद डॉक्टरों ने आगे की विस्तृत जांच और उपचार की सलाह दी।

इसके बाद पीहू को आगे के इलाज के लिए श्री सत्य साई संजीवनी हॉस्पिटल भेजा गया। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने विस्तृत जांच की और एक सप्ताह के भीतर उसका सफल हार्ट ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन सफल रहने के बाद कुछ दिनों की निगरानी के बाद पीहू को स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

सफल इलाज के बाद अब पीहू पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य जीवन जी रही है। वह पहले की तरह अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रही है और घर में अपनी बहनों तथा दादी के साथ कैरम जैसे खेल भी खुशी-खुशी खेल रही है।

पीहू की माता इंद्राणी कारके ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय  और जिला प्रशासन रायपुर के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यदि समय पर जांच और इलाज की सुविधा नहीं मिलती तो उनकी बेटी की स्थिति गंभीर हो सकती थी ।

जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट धड़कन जरूरतमंद बच्चों को हृदय रोग से संबंधित जांच और उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के माध्यम से अब तक कई बच्चों का सफल इलाज किया जा चुका है, जिससे उनके जीवन में नई उम्मीद और परिवारों में विश्वास पैदा हुआ है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel