
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित एक सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट दल की फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी को सिएरा कार भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश की बेटियां देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेट दल ने विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है और यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने खेलों के क्षेत्र में प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य शासन खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। खेल सुविधाओं का विस्तार, प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाना और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवा भी खेल गतिविधियों से जुड़ रहे हैं और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महिला क्रिकेट दल की यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रदेश की बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने आकांक्षा सत्यवंशी के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि विश्व कप जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने पूरे दल का उत्साहवर्धन किया और प्रदेश की बेटी होने के नाते उन्हें विशेष रूप से मिलने के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके जीवन का एक यादगार क्षण है और यह उन्हें आगे भी अपने कार्य को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा सत्यवंशी के परिजन तथा वाहन निर्माता कंपनी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





