
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से राजनांदगांव नगर पालिक निगम के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में दूर माध्यम से भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 226 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह भूमिपूजन केवल विकास कार्यों की शुरुआत नहीं, बल्कि शहर के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत के साथ प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राजनांदगांव के सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अमृत मिशन के अंतर्गत शहर में घरेलू अपशिष्ट जल के उपचार के लिए दो नए अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इससे गंदे पानी को सीधे नदियों और नालों में जाने से रोका जा सकेगा तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ नागरिकों के स्वास्थ्य की भी रक्षा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नगरोउत्थान योजना के अंतर्गत शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे यातायात अधिक सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। इसके साथ ही शहर में दो हजार दर्शकों की क्षमता वाला अत्याधुनिक सभागार भी बनाया जाएगा, जो सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रमों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव उनके दिल के बेहद करीब है और आज का दिन शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने बताया कि आगामी बजट में राजनांदगांव जिले के विकास के लिए एक हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएँ प्रस्तावित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि शिवनाथ नदी के संरक्षण और विकास के लिए विशेष योजनाएँ तैयार की गई हैं। इसके साथ ही खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए हॉकी मैदान में कृत्रिम घास लगाने तथा अन्य खेल अधोसंरचना विकसित करने के लिए विशेष प्रावधान किया गया है।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडेय, भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह तथा महापौर मधुसूदन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





