
आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर की टक्कर के बाद बस में आग लग गई। इस हादसे में 13 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह हादसा रायवरम इलाके के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस तेलंगाना के निर्मल से नेल्लोर की ओर जा रही थी। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। शुरुआती रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 14 बताई गई थी, लेकिन बाद में आधिकारिक तौर पर 13 मौतों की पुष्टि की गई। मरकापुरम के पुलिस अधीक्षक वी. हर्षवर्धन राजू के अनुसार, घायलों में डंपर चालक भी शामिल है और सभी को चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मुख्मंत्री N. Chandrababu Naidu ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का इलाज और घटना के कारणों की जांच है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





