CM साय देंगे करोड़ों की सौगात! श्रमिकों को सीधा पैसा

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार 28 मार्च को जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम वशिष्ठ सामुदायिक भवन में दोपहर 1 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा श्रम विभाग के अंतर्गत संचालित 12 विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के तहत 79,340 निर्माण श्रमिकों एवं उनके परिजनों को कुल 27.15 करोड़ रुपए की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। साथ ही वित्त मंत्री ओपी चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रमिकों को लाभ मिलेगा। दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के तहत 14 हितग्राहियों को 14 लाख 32 हजार रुपए, मिनीमाता महतारी जतन योजना के अंतर्गत 1960 श्रमिकों को 3 करोड़ 92 लाख रुपए और मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत 297 श्रमिकों को 44 लाख 55 हजार रुपए दिए जाएंगे।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 71,220 श्रमिकों के बच्चों को 14 करोड़ 53 लाख 96 हजार 500 रुपए की सहायता दी जाएगी, जो इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी राशि है। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत 3040 श्रमिकों को 6 करोड़ 08 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे।

अन्य योजनाओं में श्रमिक औजार सहायता, सियान सहायता, सायकल सहायता, आवास सहायता और दीर्घायु सहायता जैसी योजनाएं भी शामिल हैं, जिनके माध्यम से हजारों श्रमिकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना है। यह कार्यक्रम राज्य में श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel