हनुमान जयंती पर उमड़ा जनसैलाब | भिलाई में 1KM लंबी लाइन!

छत्तीसगढ़ में आज हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। प्रदेश के रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और अंबिकापुर समेत कई जिलों में स्थित श्री हनुमान मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना और विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिरों में भगवान श्री हनुमान के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

भिलाई के सेक्टर-9 स्थित हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला, जहां दर्शन के लिए करीब 1 किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। सुबह से ही लोग दूर-दराज के इलाकों से यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्ति का माहौल बना हुआ है।

रायपुर के दूधाधारी मठ मंदिर में हनुमान जी का विशेष श्रृंगार किया गया। यहां भगवान को 108 कमल के फूल अर्पित किए गए और ‘जय श्री राम’ लिखे पत्तों से बनी माला पहनाई गई। यह अनूठी सजावट भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यहां पहुंचकर दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।

प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन और जल की व्यवस्था की गई है। जगह-जगह भक्ति संगीत और सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

बिलासपुर में स्थित ऐतिहासिक श्री बजरंग पंचायत मंदिर भी अपनी विशेष परंपरा के लिए जाना जाता है। बताया जाता है कि इस मंदिर का इतिहास अंग्रेजों के समय से जुड़ा हुआ है, जहां हनुमान जी को साक्षी मानकर पंचायत लगाई जाती थी। यहां लिए गए निर्णयों को सभी समाजों द्वारा स्वीकार किया जाता था, जो सामाजिक एकता और विश्वास का प्रतीक है।

हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे प्रदेश में यह पर्व आस्था, एकता और सांस्कृतिक परंपरा का संदेश दे रहा है।

Khabri Chai
Author: Khabri Chai

Khabri Chai news portal.

Advertisement Carousel