
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर आम जनता और विद्यार्थियों को राज्य के सर्वोच्च संवैधानिक कार्यालय लोकभवन की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज DPS School के विद्यार्थियों ने लोकभवन का शैक्षणिक भ्रमण किया और राज्यपाल से आत्मीय मुलाकात की।
इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में सफलता के मूल मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन सबसे महत्वपूर्ण और सुंदर समय होता है, जिसका सही उपयोग करना आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि जीवन के हर निर्णय को सोच-समझकर और शांत मन से लेना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि हर व्यक्ति डॉक्टर या इंजीनियर ही बने, यह जरूरी नहीं है। आज के समय में अनेक ऐसे क्षेत्र हैं जहां युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार बेहतर करियर बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।

इस भ्रमण में डीपीएस स्कूल के 12वीं कक्षा के कुल 76 विद्यार्थी (51 छात्र और 25 छात्राएं) अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ शामिल हुए। विद्यार्थियों को लोकभवन परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी, सचिवालय की विभिन्न शाखाएं और हरे-भरे उद्यान शामिल हैं। इस दौरान उन्हें इन स्थानों के ऐतिहासिक और प्रशासनिक महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने पहली बार राज्यपाल से मुलाकात की और लोकभवन की भव्यता, स्वच्छता और हरियाली को करीब से देखा। छात्रों के अनुसार, इस भ्रमण से उन्हें शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला, जो उनके भविष्य के लिए उपयोगी साबित होगा।
Author: Khabri Chai
Khabri Chai news portal.





